बल्लभीपुर गुजरात

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
बल्लभीपुर गुजरात
बल्लभीपुर, गुजरात
विवरण 'बल्लभीपुर' गुजरात का प्राचीन नगर है। कभी इस स्थान की प्रसिद्धि तक्षशिला और नालन्दा के समान हुआ करती थी।
राज्य गुजरात
ज़िला भावनगर
स्थापना इस नगर की स्थापना 'मैत्रक वंश' के सेनापति भट्टारक ने 470 ई. में की थी।
भौगोलिक स्थिति 'खम्भात की खाड़ी' के मुहाने पर।
प्रसिद्धि जैन धार्मिक स्थल।
संबंधित लेख गुजरात, भावनगर, तक्षशिला, नालन्दा


विशेष इतिहास में दूसरी जैन परिषद का आयोजन बल्लभीपुर में हुआ था।
अन्य जानकारी सातवीं सदी के मध्य में चीनी यात्री ह्वेन त्सांग और अन्त में 'आईचिन आए' यहाँ आये थे, जिन्होंने इसकी तुलना बिहार के नालन्दा से की थी।

बल्लभीपुर अथवा 'वल्लभीपुर' भारत के प्राचीन नगरों में से एक है, जो पाँचवीं से आठवीं शताब्दी तक 'मैत्रक वंश' की राजधानी रहा था। यह पश्चिमी भारत के सौराष्ट्र में और बाद में गुजरात राज्य, भावनगर के बंदरगाह के पश्चिमोत्तर में 'खम्भात की खाड़ी' के मुहाने पर स्थित था। बल्लभीपुर गुजरात में जैन धर्म के प्रमुख तीर्थ स्थलों में गिना जाता है। 770 ई. के पूर्व यह नगर भारत में काफ़ी प्रसिद्ध था। प्राचीन समय में यहाँ 'वल्लभी विश्वविद्यालय' हुआ करता था, जो तक्षशिला तथा नालन्दा की परम्परा में था। इस स्थान से मैत्रकों राजाओं के ताँबे के अभिलेख और मुद्राएँ आदि पाई गई हैं।

इतिहास

माना जाता है कि वल्लभी की स्थापना लगभग 470 ई. में मैत्रक वंश के संस्थापक सेनापति भट्टारक ने की थी। यह वह काल था, जब गुप्त साम्राज्य का विखण्डन हो रहा था और साम्राज्य पतन की ओर अग्रसर था। वल्लभी लगभग 780 ई. तक राजधानी बना रहा, फिर अचानक इतिहास के पन्नों से अदृश्य हो गया। ऐसा प्रतीत होता है कि लगभग 725-735 में सौराष्ट्र पर हुए अरबों के आक्रमणों से यह बच गया था।

विद्या का केन्द्र

तत्कालीन समय में बल्लभीपुर ज्ञान का महत्त्वपूर्ण केन्द्र था। यहाँ कई पाठशालाएँ और बौद्ध मठ भी थे। यहाँ सातवीं सदी के मध्य में चीनी यात्री ह्वेन त्सांग और अन्त में आईचिन आए थे, जिन्होंने इसकी तुलना बिहार के नालन्दा से की थी। एक जैन परम्परा के अनुसार पाँचवीं या छठी शताब्दी में दूसरी जैन परिषद वल्लभी में आयोजित की गई थी। इसी परिषद में जैन ग्रन्थों ने वर्तमान स्वरूप ग्रहण किया था। यह नगर अब लुप्त हो चुका है, लेकिन 'वल' नामक गाँव से इसकी पहचान की गई है, जहाँ मैत्रकों के ताँबे के अभिलेख और मुद्राएँ पाई गई हैं।

प्रसिद्धि

प्राचीन काल में वल्लभी गुजरात के प्रायद्वीपीय भाग में स्थित था। वर्तमान समय में इसका नाम 'वला' नामक भूतपूर्व रियासत तथा उसके मुख्य स्थान 'वलभी' के नाम में सुरक्षित रह गया है। 770 ई. के पूर्व यह देश भारत में विख्यात था। यहाँ की प्रसिद्धी का कारण 'वल्लभी विश्वविद्यालय' था, जो तक्षशिला तथा नालन्दा की परम्परा में था। बल्लभीपुर या वल्लभी से यहाँ के शासकों के उत्तर गुप्तकालीन अनेक अभिलेख प्राप्त हुए हैं। बुंदेलों के परम्परागत इतिहास से सूचित होता है कि वल्लभीपुर की स्थापना उनके पूर्वपुरुष कनकसेन ने की थी, जो रामचन्द्र के पुत्र लव का वंशज था। इसका समय 144 ई. कहा जाता है।

जैन परिषद का आयोजन

जैन अनुश्रुति के अनुसार जैन धर्म की दूसरी परिषद बल्लभीपुर में आयोजित हुई थी, जिसके अध्यक्ष देवर्धिगणि नामक आचार्य थे। इस परिषद के द्वारा प्राचीन जैन आगमों का सम्पादन किया गया था। जो संग्रह सम्पादित हुआ, उसकी अनेक प्रतियाँ बनाकर भारत के बड़े-बड़े नगरों में सुरक्षित कर दी गई थी। यही परिषद छठी शती ई. में हुई थी। जैन ग्रन्थ 'विविधतीर्थकल्प' के अनुसार वल्लभी गुजरात की परम वैभवशाली नगरी थी। वलभि नरेश शीलादित्य ने 'रंकज' नामक एक धनी व्यापारी का अपमान किया था, जिसने अफ़ग़ानिस्तान के अमीर या हम्मीर को शीलादित्य के विरुद्ध भड़का कर आक्रमण करने के लिए निमंत्रित किया था। इस युद्ध में शीलादित्य मारा गया था।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

संबंधित लेख