श्राद्ध की आहुति

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
Warning-sign-small.png यह लेख पौराणिक ग्रंथों अथवा मान्यताओं पर आधारित है अत: इसमें वर्णित सामग्री के वैज्ञानिक प्रमाण होने का आश्वासन नहीं दिया जा सकता। विस्तार में देखें अस्वीकरण
श्राद्ध विषय सूची
श्राद्ध की आहुति
श्राद्ध कर्म में पूजा करते ब्राह्मण
अन्य नाम पितृ पक्ष
अनुयायी सभी हिन्दू धर्मावलम्बी
उद्देश्य श्राद्ध पूर्वजों के प्रति सच्ची श्रद्धा का प्रतीक हैं। पितरों के निमित्त विधिपूर्वक जो कर्म श्रद्धा से किया जाता है, उसी को 'श्राद्ध' कहते हैं।
प्रारम्भ वैदिक-पौराणिक
तिथि भाद्रपद शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा से सर्वपितृ अमावस्या अर्थात आश्विन कृष्ण पक्ष अमावस्या तक
अनुष्ठान श्राद्ध-कर्म में पके हुए चावल, दूध और तिल को मिश्रित करके 'पिण्ड' बनाते हैं, उसे 'सपिण्डीकरण' कहते हैं। पिण्ड का अर्थ है शरीर। यह एक पारंपरिक विश्वास है कि हर पीढ़ी के भीतर मातृकुल तथा पितृकुल दोनों में पहले की पीढ़ियों के समन्वित 'गुणसूत्र' उपस्थित होते हैं। यह प्रतीकात्मक अनुष्ठान जिन जिन लोगों के गुणसूत्र (जीन्स) श्राद्ध करने वाले की अपनी देह में हैं, उनकी तृप्ति के लिए होता है।
संबंधित लेख पितृ पक्ष, श्राद्ध के नियम, अन्वष्टका कृत्य, अष्टका कृत्य, अन्वाहार्य श्राद्ध, श्राद्ध विसर्जन, पितृ विसर्जन अमावस्या, तर्पण, माध्यावर्ष कृत्य, मातामह श्राद्ध, पितर, श्राद्ध और ग्रहण, श्राद्ध करने का स्थान, श्राद्ध की आहुति, श्राद्ध की कोटियाँ, श्राद्ध की महत्ता, श्राद्ध प्रपौत्र द्वारा, श्राद्ध फलसूची, श्राद्ध वर्जना, श्राद्ध विधि, पिण्डदान, गया, नासिक, आदित्य देवता और रुद्र देवता
अन्य जानकारी ब्रह्म पुराण के अनुसार श्राद्ध की परिभाषा- 'जो कुछ उचित काल, पात्र एवं स्थान के अनुसार उचित (शास्त्रानुमोदित) विधि द्वारा पितरों को लक्ष्य करके श्रद्धापूर्वक ब्राह्मणों को दिया जाता है', श्राद्ध कहलाता है।

आहुतियों के विषय में भी मत मतान्तर हैं। काठकगृह्यसूत्र[1], जैमिनिय गृह्यसूत्र[2] एवं शांखायन गृह्यसूत्र[3] ने कहा है कि तीन विभिन्न अष्टकाओं में सिद्ध (पके हुए) शाक, मांस एवं अपूप (पूआ या रोटी) की आहुतियाँ दी जाती हैं। किन्तु पार. गृह्यसूत्र[4] एवं खादिरगृह्यसूत्र[5] ने प्रथम अष्टका के लिए अपूपों (पूओं) की[6] एवं अन्तिम के लिए सिद्ध शाकों की व्यवस्था दी है। खादिरगृह्यसूत्र[7] से गाय की बलि होती हैं आश्वलायन गृह्यसूत्र[8], गोभिलगृह्यसूत्र[9], कौशिक[10] एवं बौधायन गृह्यसूत्र[11] के मत से इसके कई विकल्प भी हैं–गाय या भेंड़ या बकरे की बलि देना; सुलभ जंगली मांस या मधु-तिल युक्त मांस या गेंडा, हिरन, भैंसा, सूअर, शशक, चित्ती वाले हिरन, रोहित हिरन, कबूतर या तीतर, सारंग एवं अन्य पक्षियों का मांस या किसी बूढ़े लाल बकरे का मांस; मछलियाँ; दूध में पका हुआ चावल (लपसी के समान), या बिना पके हुए अन्न या फल या मूल, या सोना भी दिया जा सकता है, अथवा गायों या साँड़ों के लिए केवल घास खिलायी जा सकती है। या वेदज्ञ को पानी रखने के लिए घड़े दिये जा सकते हैं, या 'यह मैं अष्टका का सम्पादन करता हूँ' ऐसा कहकर श्राद्ध सम्बन्धी मंत्रों का उच्चारण किया जा सकता है। किन्तु अष्टकों के कृत्य को किसी न किसी प्रकार अवश्य करना चाहिए।[12]

पितृ पक्ष श्राद्ध संस्कार करते श्रद्धालु

यह ज्ञातव्य है कि यद्यपि उद्धृत वार्तिक एवं काठकगृह्यसूत्र[13] का कथन है कि 'अष्टका' शब्द उस कृत्य के लिए प्रयुक्त होता है, जिसमें पितर लोग देवताओं (अधिष्ठाताओं) के रूप में पूजित होते हैं, किन्तु अष्टका के देवता के विषय में मत-मतान्तर हैं। आश्वलायन गृह्यसूत्र[14] में आया है कि मास के कृष्ण पक्ष की सप्तमी को तथा नवमी को पितरों के लिए हवि दी जाती है, किन्तु आश्वलायन गृह्यसूत्र[15] ने अष्टमी के देवता के विषय में आठ विकल्प दिये हैं, यथा–विश्वे-देव (सभी देव), अग्नि, सूर्य, प्रजापति, रात्रि, नक्षत्र, ऋतुएँ, पितर एवं पशु। गोभिल गृह्यसूत्र[16] ने यह कहकर आरम्भ किया है कि रात्रि अष्टका की देवता है, किन्तु इतना जोड़ दिया है कि देवता के विषय में अन्य मत भी हैं, यथा–अग्नि, पितर, प्रजापति, ऋतु या विश्वे-देव।

मृत पूर्वजों के कृत्य

अति प्राचीन काल में मृत पूर्वजों के लिए केवल तीन कृत्य किये जाते थे:-

  1. पिण्डपितृयज्ञ (उनके द्वारा किया गया जो श्रौताग्नियों में यज्ञ करते थे) या मासिक श्राद्ध (उनके द्वारा जो श्रौताग्नियों में यज्ञ नहीं करते थे)[17],
  2. महापितृयज्ञ एवं
  3. अष्टकाश्राद्ध।

प्रथम दो का वर्णन इस ग्रन्थ के खण्ड 2, अध्याय 30 एवं 31 में हो चुका है। अष्टका श्राद्धों के विषय में अभी तक कुछ नहीं बताया गया है। इनका विशिष्ट महत्त्व है, किन्तु इनके सम्पादन के दिनों एवं मासों, अधिष्ठाता देवों, आहुतियों एवं विधि के विषय में लेखकों में मतैक्य नहीं है।

गौतम[18] ने अष्टका को सात पाकयज्ञों एवं चालीस संस्कारों में परिगणित किया है। लगता है, 'अष्टका' पूर्णिमा के पश्चात् किसी मास की अष्टमी तिथि का द्योतक है।[19] शतपथ ब्राह्मण[20] में आया है–'पूर्णिमा के पश्चात् आठवें दिन वह (अग्निचयनकर्ता) अग्नि-स्थान (चुल्लि या चुल्ली, चूल्ही या चूल्हे) के लिए सामग्री एकत्र करता है, क्योंकि प्रजापति के लिए (पूर्णिमा के पश्चात्) अष्टमी पवित्र है और प्रजापति के लिए यह कृत्य पवित्र है।' जैमिनिय[21] के भाष्य में शबर ने अथर्ववेद[22] एवं आपस्तम्ब मंत्र पाठ [23] में आये हुए मंत्र को अष्टका का द्योतक माना है। मंत्र यह है–'वह (अष्टका) रात्रि हमारे लिए मंगलकारी हो, जिसका लोग किसी की ओर आती हुई गौ के समान स्वागत करते हैं, और जो वर्ष की पत्नी है।'[24] अथर्ववेद[25] में संवत्सर को एकाष्टका का पति कहा गया है। तैत्तिरीय संहिता[26] में आया है कि 'जो लोग संवत्सर सत्र के लिए दीक्षा लेने वाले हैं उन्हें एकाष्टका के दिन दीक्षा लेनी चाहिए, जो एकाष्टका कहलाती है। वह वर्ष की पत्नी है।' जैमिनिय[27] ने एकाष्टका को माघ की पूर्णिमा के पश्चात् की अष्टमी कहा है। आपस्तम्ब गृह्यसूत्र[28] ने भी यही कहा है। किन्तु इतना जोड़ दिया है कि उस तिथि (अष्टमी) में चन्द्र ज्येष्ठा नक्षत्र में होता है।[29] इसकी अर्थ यह हुआ कि यदि अष्टमी दो दिनों की हो गयी तो वह दिन जब चन्द्र ज्येष्ठा में है, एकाष्टका कहलायेगा। हिरण्यकेशी गृह्यसूत्र[30] ने भी एकाष्टका को वर्ष की पत्नी कहा है।'[31]

अष्टका कृत्य

आश्वलायन गृह्यसूत्र[32] के मत से अष्टका के दिन (अर्थात् कृत्य) चार थे, हेमन्त एवं शिशिर (अर्थात् मार्गशीर्ष, पौष, माघ एवं फाल्गुन) की दो ऋतुओं के चार मासों के कृष्ण पक्षों की आठवीं तिथियाँ। अधिकांश में सभी गृह्यसूत्र, यथा–मानवगृह्यसुत्र[33], शांखायन गृह्यसूत्र[34], खादिरगृह्यसूत्र[35], काठकगृह्यसूत्र[36], कौषितकि गृह्यसूत्र[37] एवं पार. गृह्यसूत्र[38] कहते हैं कि केवल तीन ही अष्टका कृत्य होते हैं; मार्गशीर्ष (आग्रहायण) की पूर्णिमा के पश्चात् आठवीं तिथि (इसे आग्रहायणी कहा जाता था); अर्थात् मार्गशीर्ष, पौष (तैष) एवं माघ के कृष्ण पक्षों में। गोभिलगृह्यसूत्र[39] ने लिखा है कि कौत्स के मत से अष्टकाएँ चार हैं और सभी में मास दिया जाता है, किन्तु गौतम, औदगाहमानि एवं वार्कखण्डि ने केवल तीन की व्यवस्था दी है। बौधायन गृह्यसूत्र[40] के मत से तैष, माघ एवं फाल्गुन में तीन अष्टकाहोम किये जाते हैं।

अन्वष्टका कृत्य

यद्यपि आपस्तम्बगृह्यसूत्र[41] एवं शांखायन गृह्यसूत्र[42] का कथन है कि अन्वष्टका कृत्य में पिण्डपितृयज्ञ की विधि मानी जाती है, किन्तु कुछ गृह्यसूत्र[43] इस कृत्य का विशद वर्णन करते हैं। आश्वलायन गृह्यसूत्र एवं विष्णु धर्मसूत्र[44] ने मध्यम मार्ग अपनाया है। आश्वलायन गृह्यसूत्र का वर्णन अपेक्षाकृत संक्षिप्त है। यह ज्ञातव्य है कि कुछ गृह्यसूत्रों का कथन है कि अन्वष्टका कृत्य कृष्ण पक्ष की नवमी या दशमी को किया जाता है।[45] इसे पारस्कर गृह्यसूत्र[46], मनु[47] एवं विष्णु धर्मसूत्र[48] ने अन्वष्टका की संज्ञा दी है। अत्यन्त विशिष्ट बात यह है कि इस कृत्य में स्त्री पितरों का आहावान किया जाता है और इसमें जो आहुतियाँ दी जाती हैं, उनमें सुरा, माँड़, अंजन, लेप एवं मालाएँ भी सम्मिलित रहती हैं। यद्यपि आश्वलायन गृह्यसूत्र[49] आदि ने घोषित किया है कि अष्टका एवं अन्वष्टक्य मासिक श्राद्ध या पिण्डपितृयज्ञ पर आधारित हैं तथापि बौधायन गृह्यसूत्र[50], गोभिलगृह्यसूत्र[51] एवं खादिर गृह्यसूत्र[52] ने कहा है कि अष्टका या अन्वष्टक्य के आधार पर ही पिण्डपितृयज्ञ एवं अन्य श्राद्ध किये जाते हैं। काठक गृह्यसूत्र[53] का कथन है कि प्रथम श्राद्ध, सपिण्डिकरण जैसे अन्य श्राद्ध, पशुश्राद्ध (जिसमें पशु का मांस अर्पित किया जाता है) एवं मासिक श्राद्ध अष्टका की विधि का ही अनुसरण करते हैं।

माध्यावर्ष कृत्य

आश्वलायन गृह्यसूत्र[54] में माध्यावर्ष नामक कृत्य के विषय में दो मत प्रकाशित किये गये हैं। नारायण के मत से यह कृत्य भाद्रपद कृष्ण पक्ष की तीन तिथियों में, अर्थात् सप्तमी, अष्टमी एवं नवमी को किया जाता है। दूसरा मत यह है कि यह कृत्य अष्टकाओं के समान ही है जो भाद्रपद की त्रयोदशी को सम्पादित होता है। जबकि सामान्यत: चन्द्र मघा नक्षत्र में होता है। इस कृत्य के नाम में संदेह है, क्योंकि पाण्डुलिपियों में बहुत से रूप प्रस्तुत किये गये हैं।

अन्वाहार्य श्राद्ध

  • गोभिलगृह्यसूत्र[55] में अन्वाहार्य नामक एक अन्य श्राद्ध का उल्लेख हुआ है जो कि पिण्डपितृयज्ञ उपरान्त उसी दिन सम्पादित होता है।
  • शांखायन गृह्यसूत्र[56] ने पिण्डपितृयज्ञ से पृथक् मासिक श्राद्ध की चर्चा की है।
  • मनु[57] का कथन है–'पितृयज्ञ (अर्थात् पिण्डपितृयज्ञ) के सम्पादन के उपरान्त वह ब्राह्मण जो अग्निहोत्री अर्थात् आहिताग्नि है, प्रति मास उसे अमावास्या के दिन पिण्डान्वाहार्यक श्राद्ध करना चाहिए।

यज्ञ

हिन्दू धर्म-ग्रन्थों के अनुसार प्रत्येक गृहस्थ हिन्दू को पाँच यज्ञों को अवश्य करना चाहिए-

  1. ब्रह्म-यज्ञ - प्रतिदिन अध्ययन और अध्यापन करना ही ब्रह्म-यज्ञ है।
  2. देव-यज्ञ - देवताओं की प्रसन्नता हेतु पूजन-हवन आदि करना।
  3. पितृ-यज्ञ - 'श्राद्ध' और 'तर्पण' करना ही पितृ-यज्ञ है।
  4. भूत-यज्ञ - 'बलि' और 'वैश्व देव' की प्रसन्नता हेतु जो पूजा की जाती है, उसे 'भूत-यज्ञ' कहते हैं।
  5. मनुष्य-यज्ञ - इसके अन्तर्गत 'अतिथि-सत्कार' आता है।

उक्त पाँचों यज्ञों को नित्य करने का निर्देश है।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. काठकगृह्यसूत्र 61|3
  2. जैमिनिय गृह्यसूत्र 2|3
  3. शांखायन गृह्यसूत्र 3|12|2
  4. पार. गृह्यसूत्र 3|3
  5. खादिरगृह्यसूत्र 3|3|29-30
  6. इसी से गोभिलगृ. 3|10|9 ने इसे अपूपाष्टका कहा है
  7. खादिरगृह्यसूत्र 3|4|1
  8. आश्वलायन गृह्यसूत्र 2|4|7-10
  9. गोभिलगृह्यसूत्र 4|1|18-22
  10. कौशिक 138|2
  11. बौधायन गृह्यसूत्र 2|11|51|61
  12. अथ यदि गां न लभते मेषमजं वालभते। आरण्येन वा मांसेन यथोपपन्नेन। खड्गमृगमहिषमेषवराहपृषत- शशरोहितशांगतित्तिरकपोतकपिंजल- वार्ध्रीणसानामक्षय्यं तिलमधुसंसृष्टम्।
    तथा मत्स्यस्य शतवलै: (?) क्षीरोदननेन वा।
    यद्वा भवत्यामैर्वा मूलफलै: प्रदानमात्रम्। हिरण्येन वा प्रदानमात्रम्।
    अपि वा गोग्रासमाहरेत्।
    अपि वानूचानेभ्य उदकुम्भानाहरेत्।
    अपि वा श्राद्धमन्त्रानधीयीत।
    अपि वारण्येग्निना कक्षमुपोषेदेषा मेंऽष्टकेति।
    न त्वेवानष्टक: स्यात्। बौधायन गृह्यसूत्र (2|11|51-61); अष्टकायामष्टकाहोमाञ्जुहुजात्।
    तस्या हवीषि धाना: करम्भ: शष्कृल्य: पुरोडाश उदौदन: क्षीरौदनस्तिलौदनो यथोपपादिपशु:।
    कौशिकसूत्र (168-1-2)।

  13. काठकगृह्यसूत्र 61|1
  14. आश्वलायन गृह्यसूत्र 2|4|3 एवं 2|5|3-5
  15. आश्वलायन गृह्यसूत्र 2|4|12
  16. गोभिल गृह्यसूत्र 3|10|1
  17. देखिए आश्वलायन गृह्यसूत्र 2|5|10, हिरण्यकेशिगृह्यसूत्र 2|10|17, आपस्तम्ब गृह्यसूत्र 8|21|1, विष्णुपुराण 3|14|3, आदि
  18. गौतम. (8|19
  19. शतपथ ब्राह्मण 6|4|2|40
  20. शतपथ ब्राह्मण (6|2|2|23
  21. जैमिनिय (1|3|2
  22. अथर्ववेद (3|10|2
  23. आपस्तम्ब (20|27
  24. अष्टकालिंगाश्च मंत्रा वेदे दृश्यन्ते यां जना: प्रतिनन्दतीत्येवमादय:। शबर (जैमिनि. 1|3|2)। शबर ने इसे जैमिनि. (6|5|35) में इस प्रकार से पढ़ा है–'यां जना: प्रतिनन्दन्ति रात्रि धेनुमिवायतीम्। संवत्सरस्य या पत्नी सा नो अस्तु सुमंगली।।' और उन्होंने जोड़ दिया है–'अष्टकार्य सुराधसे स्वाहा'। अथर्ववेद (3|10|2) में 'जना:' के स्थान पर 'देवा:' एवं धेनुमिवायतीम्' के स्थान पर धेनुमुपायतीम् आया है।
  25. अथर्ववेद (3|10|8
  26. तैत्तिरीय संहिता (7|4|8|1
  27. जैमिनिय (6|5|32-37
  28. आपस्तम्ब गृह्यसूत्र (हरदत्त, गौतम. 8|19
  29. पाणिनि (7|3|85) के एक वार्तिक के अनुसार 'अष्टका' शब्द 'अष्टन' से बना है। पा. (7|3|45) का 9वाँ वार्तिक हमें बताता है कि 'अष्टन' से 'अष्टका' व्युत्पन्न है, जिसका अर्थ है कि वह कृत्य जिसके अधिष्ठाता देवता पितर लोग हैं, और 'अष्टिका' शब्द का अर्थ कुछ और है, यथा 'अष्टिका खारी'।
  30. हिरण्यकेशी गृह्यसूत्र (2|15|9
  31. माघ की पूर्णिमा वर्ष का मुख कहलाती है। अर्थात् प्राचीन काल में उसी से वर्ष का आरम्भ माना जाता था। पूर्णिमा के पश्चात् अष्टका दिन पूर्णिमा के उपरान्त का प्रथम एवं अत्यन्त महत्त्वपूर्ण पर्व था और यह वर्षारम्भ (वर्ष आरम्भ होने) से छोटा माना जाता था। सम्भवत: इसी कारण यह वर्ष की पत्नी कहा गया है।
  32. आश्वलायन गृह्यसूत्र (2|4|1
  33. मानवगृह्यसुत्र (218
  34. शांखायन गृह्यसूत्र (3|12|1
  35. खादिरगृह्यसूत्र (3|2|27
  36. काठकगृह्यसूत्र (61|1
  37. कौषितकि गृह्यसूत्र (3|15|1
  38. पार. गृह्यसूत्र (3|3
  39. गोभिलगृह्यसूत्र (3|10|48
  40. बौधायन गृह्यसूत्र (2|11|1
  41. आपस्तम्बगृह्यसूत्र (2|5|3
  42. शांखायन गृह्यसूत्र (3|13|7
  43. यथा खादिरगृह्यसूत्र 3|5 एवं गोभिलगृह्यसूत्र 4|2-3
  44. आश्वलायन गृह्यसूत्र एवं विष्णु धर्मसूत्र (74
  45. खादिरगृह्यसूत्र 3|5|1
  46. पारस्कर गृह्यसूत्र (3|3|30
  47. मनु (4|150
  48. विष्णु धर्मसूत्र (74|1 एवं 76|10
  49. आश्वलायन गृह्यसूत्र (2|5
  50. बौधायन गृह्यसूत्र (3|12|1
  51. गोभिलगृह्यसूत्र (4|4
  52. खादिर गृह्यसूत्र (3|5|35
  53. काठक गृह्यसूत्र (66|1|68, 68|1 एवं 69|1
  54. आश्वलायन गृह्यसूत्र (2|5|9
  55. गोभिलगृह्यसूत्र (4|4|3
  56. शांखायन गृह्यसूत्र (4|1|13
  57. मनु (3|122-123

संबंधित लेख