सागर

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
(समुद्र से पुनर्निर्देशित)
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें
अरब सागर, केरल

सागर या समुद्र (अंग्रेज़ी:Sea) खारे पानी का विशाल और लगातार क्षेत्र होता है, जो पृथ्वी का ज़्यादातर हिस्सा ढके हुए है। यह महासागरों का हिस्सा होते हैं, जैसे- हिंद महासागर, अरब सागर आदि।

भारत तीन तरफ से समुद्र से घिरा विशाल प्रायद्वीप है और इसका समुद्र तट लम्‍बा है जो 7500 किलोमीटर से अधिक फैला हुआ है। पूर्व में बंगाल की खाड़ी, पश्चिम में अरब सागर और दक्षिण में हिंद महासागर है। भारत के कुछ राज्‍य और संघ राज्‍य क्षेत्र समुद्र तट पर बसे हैं वे स्‍थानों के बीच नियमित परिवहन सेवाएँ एवं दृश्य चित्रण करते हैं।

समुद्री यात्रा

भारतीय उपमाहद्वीप को घिरे हुए नीले पानी में यात्रा करना स्‍मरणीय अनुभव होता है। अधिकांश तटीय राज्‍यों में नियमित सरकारी जहाज़ उपलब्‍ध हैं। समुद्री यात्रा का उपयोग अधिकांशत: अरब सागर में लक्षद्वीप पहुँचने और बंगाल की खाड़ी में अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह पहुँचने में किया जाता है। ये दोनों द्वीप समूह भारतीय उपमहाद्वीप के हिस्‍से हैं और वे हवाई मार्ग से भी अच्‍छी तरह जुड़े हुए हैं। देश के विभिन्‍न पत्तन शहरों के बीच यात्रा करने के लिए भी समुद्री यात्रा की जा सकती है। पानी में फन ट्रिप के लिए भी उप जहाज़ किराए पर ले जा सकते हैं। नौ भारतीय राज्‍य और तीन संघ राज्‍य क्षेत्र तटीय भागों में स्थित हैं।

अरब सागर

अरब सागर, हिन्द महासागर का पश्चिमोत्तर भाग, लगभग 38,62,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैला हुआ है और यूरोप व भारत के बीच मुख्य समुद्री मार्ग के एक हिस्से को निर्मित करता है। यह पश्चिम में अफ़्रीका अन्तरिप और अरब प्रायद्वीप से, उत्तर में ईरान और पाकिस्तान, पूर्व में भारत और दक्षिण की ओर हिन्द महासागर के शेष भाग से घिरा हुआ है।

बंगाल की खाड़ी

विश्व की सबसे बड़ी खाड़ी, बंगाल की खाड़ी हिन्द महासागर का उत्तरपूर्वी भाग है। इसका नाम भारतीय राज्य पश्चिम बंगाल के नाम पर आधारित है।

भूमध्य सागर

इतिहास में भूमध्य सागर के दोनों ओर के देश ही यूरोप की दुनिया थी। इसी से इसे 'भूमध्य सागर' कहा जाता है। यूरोपीय विद्वान प्रारम्भ में यही सभ्यताएँ जानते थे और इन्हें ही प्राचीनतम मानव सभ्यता समझते थे। इनमें भी सबसे प्राचीन सभ्यता है- मिस्र की सभ्यता।

मन्नार की खाड़ी

मन्नार की खाड़ी दक्षिण-पूर्वी भारत और पश्चिमी श्रीलंका के बीच हिंद महासागर का प्रवेश मार्ग है। मन्नार की खाड़ी की सीमा पर पूर्वोत्तर में रामेश्वरम (द्वीप) आदम का पुल (राम सेतु, उथले तटों की श्रृंखला) और मन्नार द्वीप है।

हिंद महासागर

हिंद महासागर एशिया के दक्षिण में अफ्रीका और आस्ट्रेलिया के बीच फैला हुआ है। हिंद महासागर का अधिकांश भाग पृथ्वी के दक्षिणी गोलार्ध में आता है। इसके उत्तरी छोर पर भारतीय उपमहाद्वीप है, दक्षिण में अंटार्टिका, पश्चिम में अफ्रीका, और पूर्व में इंडोनेशिया और आस्ट्रेलिया हैं।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. समुद्र यात्रा (हिन्दी) (पी. एच. पी) भारत की आधिकारिक वेबसाइट। अभिगमन तिथि: 6 जून, 2011

बाहरी कड़ियाँ

संबंधित लेख