चन्द्रभानु गुप्त

भारत डिस्कवरी प्रस्तुति
यहाँ जाएँ:भ्रमण, खोजें

चन्द्रभानु गुप्त (जन्म- 14 जुलाई, 1902 ई., अलीगढ़, उत्तर प्रदेश; मृत्यु- 11 मार्च, 1980 ई.) भारत के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उन पर 'आर्य समाज' का बहुत गहरा प्रभाव था। वर्ष 1926 से ही सी.बी. गुप्त 'उत्तर प्रदेश कांग्रेस' और 'अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी' के सदस्य बन गए थे। कई विभागों में मंत्री रहने के बाद चन्द्रभानु जी वर्ष 1960 से 1963 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में भी अनेक काम किए। लखनऊ और गोरखपुर जैसे शहरों को आधुनिक व विकासशील बनाने की पहल करने वाले सी.बी गुप्त को लोग मजबूत प्रशासन, जुझारू नेतृत्व व बड़प्पन के लिए आज भी याद करते हैं।

जन्म तथा शिक्षा

चन्द्रभानु गुप्त का का जन्म 14 जुलाई, 1902 को उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ ज़िले के 'बिजौली' नामक स्थान पर हुआ था। उनके पिता का नाम हीरालाल था। चन्द्रभानु जी के पिता को अपने समाज में बहुत ही मान-सम्मान और प्रतिष्ठा प्राप्त थी। चन्द्रभानु गुप्त के चरित्र निर्माण में 'आर्य समाज' का बहुत गहरा प्रभाव पड़ा और भावी जीवन में आर्य समाज के सिद्धान्त उनके मार्ग दर्शक रहे। उनकी प्रारम्भिक शिक्षा लखीमपुर खीरी में हुई। बाद में वे उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए लखनऊ चले आए। यहाँ 'लखनऊ विश्वविद्यालय' से एम.ए. और एलएल.बी. की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद नवाबों का शहर लखनऊ ही उनका कार्यक्षेत्र बन गया।

राजनीति में प्रवेश

शिक्षा पूर्ण करने के बाद गुप्त जी ने लखनऊ में वकालत आरम्भ की। 'काकोरी काण्ड' के क्रान्तिकारियों के बचाव पक्ष के प्रमुख वकीलों में वे भी थे। शीघ्र ही कांग्रेस संगठन में भी उनका महत्त्वपूर्ण स्थान बन गया। चन्द्रभानु गुप्त वर्ष 1926 से ही वे 'उत्तर प्रदेश कांग्रेस' और 'अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी' के सदस्य बन गए। उत्तर प्रदेश में वे कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष और संगठन के अध्यक्ष भी रहे। स्वतंत्रता के प्रत्येक आन्दोलन में उन्होंने सक्रिय रूप से भाग लिया और जेल की सज़ाएँ भोगीं। 1937 के निर्वाचन में वे उत्तर प्रदेश विधान सभा के सदस्य चुने गए और बीच के कुछ समय को छोड़कर बराबर निर्वाचन में सफल हुए।

मुख्यमंत्री का पद

भारत की स्वतंत्रता के बाद 1948 में बनी पहली प्रदेश सरकार में चन्द्रभानु गुप्त गोविन्द वल्लभ पन्त के मंत्रीमण्डल में सचिव के रूप में सम्मिलित हुए। फिर वर्ष 1948 से 1957 तक उन्होंने अनेक प्रमुख विभागों के मंत्री के रूप में काम किया। चन्द्रभानु जी 1960 से 1963 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। बाद में 'कामराज योजना' में उन्होंने यह पद त्याग दिया, किन्तु उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनका प्रभाव बना रहा। 1967 के आम चुनाव में विजयी होने के बाद वे पुन: मुख्यमंत्री बने। लेकिन शीघ्र ही उनके कुछ कांग्रेसी सदस्यों ने चौधरी चरण सिंह के नेतृत्व में दल बदलकर प्रदेश में पहली ग़ैर-कांग्रेसी सरकार बनाने में मदद की। बदली परिस्थितियों में चन्द्रभानु गुप्त विरोधी (कांग्रेस) दल के नेता बने।

कठिन निर्णय

वर्ष 1969 ई. में सम्पूर्ण देश के स्तर पर कांग्रेस विभाजित हो गई। निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में इंदिरा गांधी के सक्रिय सहयोग और कांग्रेस के एक वर्ग के समर्थन से वी. वी. गिरि देश के राष्ट्रपति चुने गए। यह गुप्त जी के लिए बड़े कठिन निर्णय की घड़ी थी। वे सदा से कांग्रेस के संगठन से जुड़े रहे थे। जब उन्होंने देखा कि उनके अनेक साथी विभाजन के बाद भी पुरानी संस्था में ही अडिग हैं, तो उन्होंने भी इंदिरा गांधी की नई कांग्रेस में न जाकर अपने पुराने समर्थकों के साथ रहना ही उचित समझा।

समाज सेवा

पुराने साथियों के प्रति भले ही चन्द्रभानु गुप्त के राजनीतिज्ञ विचार में भिन्नता रही हो, गुप्त जी ने सदा मित्रों का भाव रखा और आवश्यकतानुसार उनकी सहायता करते रहे। चन्द्रभानु गुप्त ने समाज सेवा के क्षेत्र में भी अनेक कार्य किए। उनके द्वारा स्थापित लखनऊ की मुख्य संस्थाएँ थी-

  1. मोतीलाल मेमोरियल सोसाइटी
  2. आचार्य नरेन्द्र देव स्मृति भवन
  3. बाल विद्या मन्दिर
  4. बाल संग्रहालय
  5. रवीन्द्रालय

निधन

11 मार्च, 1980 ई. में चन्द्रभानु गुप्त जी का देहान्त हो गया।


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख